बुंदेलखंड खबर

महोबा

अतिवृष्टि से तबाह अन्नदाताओं की आवाज बने एमएलसी जितेन्द्र सिंह सेंगर

किसानों के मुआवजे को सेंगर ने उठाई आवाज

प्रकाश सक्सेना • महोबा •

अतिवृष्टि से तबाह अन्नदाताओं की आवाज बने एमएलसी जितेन्द्र सिंह सेंगर

महोबा। हाल ही में हुई अतिवृष्टि से बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा जनपदों में फसलों एवं कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर गरीब परिवारों के कच्चे मकान भी ढह गए हैं। आपदा की इस स्थिति को देखते हुए विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर ने प्रभावित किसानों और परिवारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हुए राहत एवं क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है।

जितेन्द्र सिंह सेंगर ने मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन पर वार्ता कर अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने चित्रकूटधाम मंडल के कमिश्नर से भी फोन पर वार्ता कर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर पीड़ितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

कमिश्नर ने उन्हें आश्वस्त किया कि अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की फसलों एवं कृषि भूमि का शीघ्र सर्वे कराया जाएगा तथा पात्र किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहीं, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में मकान गिरने से प्रभावित परिवारों को भी नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

सेंगर ने बांदा, महोबा, हमीरपुर एवं चित्रकूट में अतिवृष्टि से फसलों और कृषि भूमि को हुए भारी नुकसान का शीघ्रता से सर्वेक्षण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसलों को 90 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें नियमानुसार उचित राहत एवं क्षतिपूर्ति दिलाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि “हमारे अन्नदाता और प्रभावित परिवार इस कठिन समय में अकेले नहीं हैं। उनकी पीड़ा को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर हरसंभव सहायता और राहत सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। किसानों की समस्या का समाधान प्राथमिकता पर है और आपदा की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़े हैं।”

जितेन्द्र सिंह सेंगर विधान परिषद में बांदा-हमीरपुर क्षेत्र के सदस्य हैं तथा विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत एवं नगर निगमों में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाए जाने एवं जांच किए जाने संबंधी समिति के सभापति हैं।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर