बुंदेलखंड खबर

महोबा

माहेश्वरी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ,विधायक सदर ने किया भूमिपूजन

महोबा में माँ माहेश्वरी देवी मंदिर के ₹108.87 लाख के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का विधायक राकेश गोस्वामी ने शिलान्यास किया।

प्रकाश सक्सेना • महोबा •

माहेश्वरी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ,विधायक सदर ने किया भूमिपूजन

महोबा। सिद्धपीठ माँ माहेश्वरी देवी मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का गुरुवार को सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। सदर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित इस विकास कार्य पर 108.87 लाख रुपये की लागत आएगी।

विकास कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड (यूपीआरएनएन) को सौंपी गई है। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि माँ माहेश्वरी देवी का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर परिसर की भव्यता एवं आकर्षण में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे कार्यों से धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। माँ माहेश्वरी देवी मंदिर का विकास महोबा की आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों ने मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण कार्य का स्वागत किया। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। विधायक ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, गणमान्यजनों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर