बुंदेलखंड खबर

महोबा

दृष्टि बैठक में अफसरों को दो टूक, अक्टूबर तक पेयजल योजना पूरी करें

दृष्टि बैठक में विधायक और विधान परिषद सदस्य ने विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। धवर्रा सिजवाहा पेयजल योजना अक्टूबर और अन्य निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरे कराने के निर्देश दिए गए। बारिश में घर गंवाने वाले गरीब परिवारों को प्राथमिकता पर आवास देने और छूटे मजरों में जल कनेक्शन पहुंचाने पर जोर रहा।

प्रकाश सक्सेना • महोबा •

दृष्टि बैठक में अफसरों को दो टूक, अक्टूबर तक पेयजल योजना पूरी करें

महोबा। विकास भवन में बुधवार को हुई दृष्टि बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। सदर विधायक राकेश गोस्वामी और विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक ने धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के कार्य अक्टूबर तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं निर्माण कार्यों को दिसंबर तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने को कहा।

बैठक में जिला स्तर पर वित्त पोषित कार्यों और क्षेत्र विकास निधि से कराए जा रहे कार्यों की विभागवार समीक्षा हुई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बारात भवन निर्माण, सरस्वती विद्या मंदिर में प्रस्तावित कार्य, वाटर कूलर की स्थापना और चरखारी में पुस्तकालय निर्माण का कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए।

छूटे मजरों में भी दिए जाएं नल कनेक्शन

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान विधायक ने कहा कि केवल योजना के तहत काम पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि छूटे हुए मजरों तक भी नल कनेक्शन पहुंचाए जाएं। गांवों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना को अक्टूबर तक पूरा कराने को कहा गया।

बारिश में घर गंवाने वालों को प्राथमिकता पर आवास

प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा में बारिश के कारण जिन गरीब परिवारों के घर गिर गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक और व्यक्तिगत शौचालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सामुदायिक शौचालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

समूह गठन में प्रधान और रोजगार सेवक लें सहयोग

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में लक्ष्य के अनुरूप स्वयं सहायता समूहों का गठन कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए ग्राम प्रधानों, रोजगार सेवकों और कोटेदारों का सहयोग लेने को कहा गया। आयुष्मान भारत योजना में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और त्वरित विकास योजना के कार्य भी समय से पूरा कराने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, जिला विकास अधिकारी पंकज यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर