बुंदेलखंड खबर

महोबा

मंदिर परिसर की भूमि विनिमय को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

श्रीनगर में मंदिर एवं मंदिर परिसर से संबंधित भूमि के विनिमय को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

प्रकाश सक्सेना • महोबा •

मंदिर परिसर की भूमि विनिमय को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

मुख्य बातें

  • प्रस्ताव के बाद भी फैसला लंबित
  • डीएम-एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
  • अभिलेख व मौके की जांच की मांग

मंदिर परिसर की भूमि विनिमय को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने डीएम, एसडीएम व नायब तहसीलदार को सौंपा शिकायत पत्र

महोबा। तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर में मंदिर एवं मंदिर परिसर से संबंधित भूमि के विनिमय का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रक्रिया आगे बढ़ने के बावजूद अंतिम निर्णय न होने से ग्रामीणों में नाराजगी और असमंजस की स्थिति है। ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और नायब तहसीलदार को शिकायत पत्र सौंपकर मामले का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत की ओर से भूमि विनिमय का प्रस्ताव तैयार कर लेखपाल को सौंपा गया था। इसके बाद लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट भी प्रकरण में लगाई गई। संबंधित पक्षों की सहमति होने के बावजूद मामला अभी नायब तहसीलदार के स्तर पर विचाराधीन बताया जा रहा है।

ग्रामीणों की मांग है कि विनिमय की प्रक्रिया केवल रास्ते तक सीमित न रखी जाए, बल्कि मंदिर, मंदिर परिसर और संबंधित पूरी भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर विधिवत परीक्षण किया जाए। मौके की स्थिति और अभिलेखों का मिलान कराने के साथ दोनों पक्षों की सहमति को भी प्रक्रिया में शामिल किए जाने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पूरी कार्रवाई पारदर्शी और नियमानुसार होने से भविष्य में भूमि को लेकर विवाद की आशंका कम होगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्धारित राजस्व प्रक्रिया के तहत जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें राजस्व अधिकारियों के निर्णय पर टिकी हैं। अब देखना यह है कि प्रस्ताव, राजस्व कर्मचारियों की रिपोर्ट और संबंधित पक्षों की सहमति के बाद भूमि विनिमय के मामले में प्रशासन कब तक अंतिम कार्रवाई करता है।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर