बुंदेलखंड खबर

बाँदा

बाँदा के दो कवियों को मिला ‘हिन्दी भक्त सम्मान 2026’

बाँदा के कवि दीनदयाल सोनी ‘स्वर्ण’ और चंद्रप्रकाश व्यथित को मथुरा में हिन्दी साहित्य में योगदान के लिए ‘हिन्दी भक्त सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

सुनील सक्सेना • बाँदा •

बाँदा के दो कवियों को मिला ‘हिन्दी भक्त सम्मान 2026’

मुख्य बातें

  • दीनदयाल सोनी ‘स्वर्ण’ व चंद्रप्रकाश व्यथित सम्मानित।
  • मथुरा में मिला ‘हिन्दी भक्त सम्मान-2026’।
  • दोनों ने हिन्दी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान दिया।

बाँदा। जिले के साहित्य जगत के लिए गौरव की खबर है। मथुरा में आयोजित राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में बाँदा के शिक्षक-कवि, चित्रकार एवं उद्घोषक दीनदयाल सोनी ‘स्वर्ण’ और हास्य कवि चंद्रप्रकाश व्यथित को हिन्दी भाषा एवं साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘हिन्दी भक्त सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। दोनों साहित्यकारों को मिले इस सम्मान से जिले के साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों में खुशी है।

प्रेरणा हिन्दी प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में मथुरा के श्री देव संस्कृति सभागार में आयोजित सम्मेलन में देशभर से आए कवियों एवं साहित्यकारों ने काव्य पाठ किया। इस दौरान हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार और साहित्यिक योगदान के लिए विभिन्न साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।

दीनदयाल सोनी ‘स्वर्ण’ साहित्य के साथ-साथ चित्रकला और मंच संचालन के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्हें ‘चित्राक्षर’ विधा के प्रवर्तक के रूप में जाना जाता है। उनका प्रमुख काव्य संग्रह ‘काव्य रत्न’ है। वे खड़ी हिन्दी में रचनाएं करते हैं। उनकी रचनाओं का प्रसारण आकाशवाणी छतरपुर से भी होता रहा है।

सम्मेलन में डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, दीनदयाल तिवारी ‘बेताल’, निरंजन द्विवेदी ‘वत्स’, मेघा अग्रवाल, सोनिया नायडू, प्रभा बच्चन श्रीवास्तव, डॉ. सुषमा खरे, नितिन शर्मा ‘नीति’, वीरेन्द्र फौजी ‘अलबेला’ सहित देशभर के कवि-साहित्यकार मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन भैरु सुनार (मनासा) और प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’ (दिल्ली) ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. धर्म प्रकाश वाजपेयी एवं डॉ. राधेश्याम दुबे ‘श्याम फतनपुरी’ रहे। अध्यक्षता प्रभा बच्चन श्रीवास्तव ने की। संस्थापक कवि संगम त्रिपाठी और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लाल सिंह किरार ने अतिथियों का स्वागत किया।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर