बुंदेलखंड खबर

महोबा

आंगनबाड़ी केंद्र पर 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम में हुई गोदभराई, माताओं को दिया पोषण का संदेश

महोबा। नारूपुरा-2 आंगनबाड़ी केंद्र पर राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। गोदभराई व अन्नप्राशन संस्कार के साथ गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार भेंट कर सुरक्षित मातृत्व और शिशु पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

प्रकाश सक्सेना • महोबा •

आंगनबाड़ी केंद्र पर 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम में हुई गोदभराई, माताओं को दिया पोषण का संदेश

मुख्य बातें

  • हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई गोदभराई व अन्नप्राशन की रस्म, गर्भवती महिलाओं को भेंट किए फल व पौष्टिक आहार।
  • जनप्रतिनिधियों व आईसीडीएस अधिकारियों की रही मौजूदगी, सुरक्षित मातृत्व और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति किया जागरूक।

महोबा। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग यानि आईसीडीएस के तत्वावधान में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम का भव्य व आत्मीय आयोजन किया गया। इस दौरान नारूपुरा-2 आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गोदभराई एवं नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से कस्बाथाई वार्ड की सभासद संजना राजकुमार एवं नारूपुरा वार्ड के सभासद नरेंद्र कुशवाहा उपस्थित रहे। आईसीडीएस की मुख्य सेविका सुमन चौरसिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में गर्भवती माताओं को पोषण पोटली, मौसमी फल और हरी पत्तेदार सब्जियां भेंट कर उनकी गोदभराई की गई। वक्ताओं ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'मां स्वस्थ तो शिशु स्वस्थ' यही सुपोषित परिवार की पहली सीढ़ी है। गर्भावस्था के दौरान संतुलित व पौष्टिक खानपान, आयरन व कैल्शियम की गोलियों का नियमित सेवन तथा समय पर स्वास्थ्य जांच जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित रखने के लिए बेहद आवश्यक है। साथ ही नवजात शिशुओं को छह माह तक केवल स्तनपान कराने और उसके बाद ऊपरी अर्ध-ठोस आहार शुरू करने के प्रति जागरूक किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में कस्बाथाई केंद्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्री अर्चना सोनी, नारूपुरा-1 की जागृति कुशवाहा, नारूपुरा-2 की अनुराधा, मलकपुरा की मंजू चौरसिया तथा फतेहपुर बजरिया की अनीता देवी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र की कई धात्री व गर्भवती महिलाएं उपस्थित रहीं।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर