बुंदेलखंड खबर

महोबा

महोबा में 12 घंटे की बारिश से शहर जलमग्न: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में टपकी छत, वार्ड के बाहर तैरते दिखे सांप

महोबा में मंगलवार शाम से शुरू हुई 12 घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर जलमग्न हो गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पानी टपका और वार्ड के बाहर सांप दिखे।

बुंदेलखंड खबर डेस्क • महोबा •

महोबा में 12 घंटे की बारिश से शहर जलमग्न: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में टपकी छत, वार्ड के बाहर तैरते दिखे सांप

महोबा में मंगलवार शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने करीब 12 घंटे तक शहर की रफ्तार थाम दी। लगभग 7 घंटे लगातार हुई तेज बारिश से सड़कें और गलियां तालाब में तब्दील हो गईं। आल्हा चौक, पुराना प्राइवेट बस स्टैंड, शुक्रवारी बाजार, परमानंद चौक और शाह पहाड़ी रोड समेत शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए और यातायात प्रभावित रहा।

बारिश का सबसे गंभीर असर जिला अस्पताल में देखने को मिला, जहां परिसर और डॉक्टरों के आवासीय परिसर में पानी भर गया। इमरजेंसी वार्ड की छत से पानी टपकने लगा और वार्ड के बाहर जमा पानी में सांप तथा अन्य कीड़े दिखाई दिए। निचले इलाकों में कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को सामान बचाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

लगातार बारिश के कारण शहर में सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ। सड़कों पर कई फीट पानी भरने से दोपहिया और छोटे वाहनों की आवाजाही रुक गई और लोग रास्तों में फंस गए। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार भी संभावित नुकसान को लेकर चिंतित नजर आए।

एक ही रात की तेज बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल, बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित है और लोगों को जलभराव से राहत मिलने तथा प्रशासन की ओर से व्यवस्था दुरुस्त किए जाने का इंतजार है।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर