बुंदेलखंड खबर

महोबा

Mahoba News: सर्पदंश से किसान समेत दो की मौत

महोबा जनपद में बारिश के मौसम में सांप के डसने की घटनाओं से हड़कंप मचा है। गुरुवार की रात अलग-अलग स्थानों पर सर्पदंश से एक किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई।

बुंदेलखंड खबर डेस्क • महोबा •

Mahoba News: सर्पदंश से किसान समेत दो की मौत

जनपद में बारिश के मौसम में सांप के डसने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। गुरुवार की रात अलग-अलग स्थानों पर सांप के डसने से एक किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार का कहना है कि सांप के डसने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी वेनम इंजेक्शन लगवाएं।

थाना कबरई के महेबा गांव निवासी ५६ वर्षीय भारत कुशवाहा खेती-किसानी करते थे। रात में खेत की झोपड़ी में सोते समय उन्हें सर्प ने डस लिया, जिससे रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं कोतवाली कुलपहाड़ के सतारी गांव निवासी ६५ वर्षीय नाथूराम यादव शाम को खेत पर घास काटते समय सांप के डसने से अचेत हो गए, जिन्हें सीएचसी कुलपहाड़ ले जाने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

इस तरह की घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी करने वाले परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। किसान खेतों में काम करने जाते हैं और इस प्रकार के हादसों से परिवारों का भरण-पोषण करने वाले मुख्य लोग असमय काल के गाल में समा रहे हैं।

घटना की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दे दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर