टीकमगढ़
एमपी में तेज बारिश का दौर: टीकमगढ़ समेत 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने टीकमगढ़ सहित सात जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बुंदेलखंड खबर डेस्क • टीकमगढ़ •
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पश्चिमी हिस्से में बने नए मौसम तंत्र के असर से प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर चल रहा है। इसी के चलते टीकमगढ़ समेत सात जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के चलते कई जिलों में नदी-नाले और तालाब उफान पर आ गए हैं। टीकमगढ़ जिले में तेज बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोलने पड़े हैं। इसके अलावा बड़वानी, भोपाल और अन्य संभागों में भी जलस्तर बढ़ने से जलाशयों के गेट खोलने पड़े हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश में निम्न दाब क्षेत्र और द्रोणिका सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
इस तेज बारिश से किसानों और आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। जहां एक ओर जलाशयों में पानी बढ़ने से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर लगातार बारिश और बांधों के गेट खुलने से निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ गया है। हालांकि प्रदेश के 32 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि 23 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी गिरा है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 15 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता और दायरा धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। तब तक अगले सात दिनों तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। पाठकों और स्थानीय लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर