बुंदेलखंड खबर

भोपाल

MP के मेधावी छात्रों को बड़ी सौगात! 19 सितंबर को 7,500 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी

मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों के 7,500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को 19 सितंबर को ई-स्कूटी मिलेगी। भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सुबह 10 बजे यह कार्यक्रम होगा।

बुंदेलखंड खबर डेस्क • भोपाल •

MP के मेधावी छात्रों को बड़ी सौगात! 19 सितंबर को 7,500 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी

मध्यप्रदेश के सरकारी हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए 19 सितंबर का दिन बेहद खास होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल से मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत 7,500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सुबह 10 बजे से किया जाएगा।

इस योजना का लाभ उन नियमित विद्यार्थियों को मिलता है जो स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में पढ़ते हैं और कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करके अपने स्कूल में प्रथम स्थान पर आते हैं। राज्य सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत अब तक प्रदेश के 23,000 से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं और इस योजना के संचालन पर अब तक करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

ई-स्कूटी मिलने से सरकारी स्कूलों के इन मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज आने-जाने में बड़ी सुविधा होगी। इससे उच्च शिक्षा की राह आसान होगी, आने-जाने के खर्च और समय में राहत मिलेगी तथा विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति उत्साह और बढ़ेगा।

राज्य सरकार का यह कदम विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को सम्मान देने के साथ उन्हें उच्च शिक्षा के लिए जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पात्र विद्यार्थियों को इस योजना के तहत तय कार्यक्रम में ई-स्कूटी का लाभ दिया जाएगा।

संपादक: प्रकाश सक्सेना • बुंदेलखंड खबर